अण्डा। स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिरगा में अंग्रेजी माध्यम से अध्ययनरत विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होने के बाद भी पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं होने पर पालकों ने नाराजगी जताई है। किताबों के अभाव में विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
इस समस्या को लेकर विद्यालय के पालकों की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग को लिखित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि अंग्रेजी माध्यम की सभी आवश्यक पाठ्यपुस्तकें तत्काल उपलब्ध कराई जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रह सके।
ज्ञापन महेश कुमार बेलचंदन ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और पाठ्यपुस्तकों के अभाव में बच्चों का भविष्य प्रभावित होना गंभीर चिंता का विषय है। यदि जल्द किताबें उपलब्ध नहीं कराई गईं तो विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
पालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी से इस मामले में शीघ्र और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए आवश्यक पाठ्यपुस्तकों की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की रक्षा हो सके।







