पाटन। पाटन विकासखंड अंतर्गत ग्राम ढौर में आयोजित संगीतमयी श्री राम कथा के पावन अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक विशेष अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष विधिवत दीप प्रज्वलन कर कथा कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि श्री राम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, मर्यादा, सेवा, त्याग और सदाचार का जीवंत दर्शन है। ऐसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों का सुदृढ़ीकरण होता है तथा आपसी सौहार्द, सद्भाव और सकारात्मक सोच को बल मिलता है।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण अंचलों में आयोजित श्री राम कथा जैसे आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं और नई पीढ़ी को संस्कारों, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नैतिक जीवन मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। जनपद पंचायत पाटन लोकआस्था, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए सदैव संकल्पबद्ध है।
इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन, ग्रामीणजन एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर आयोजक समिति द्वारा जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक का आत्मीय स्वागत-सम्मान किया गया।







