पाटन। रजत महोत्सव के दौरान सुरक्षा का संकल्प लेने वाला बिजली विभाग महज एक सप्ताह में ही अपना वादा भूल गया है। जामगांव आर फीडर अंतर्गत ग्राम भरर में चल रहे विद्युत कार्यों के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई है।
मौके पर देखा गया कि ठेकेदार द्वारा मजदूरों से बिना किसी सुरक्षा प्रबंधन के पोल पर चढ़कर तार लगाने का काम कराया जा रहा है। न तो मजदूरों ने सेफ्टी बेल्ट पहन रखी थी और न ही हेलमेट का उपयोग किया जा रहा था। ऊंचे बिजली पोल पर इस तरह खुलेआम काम कराया जाना सीधे तौर पर जान जोखिम में डालने जैसा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि कोई बड़ा हादसा हो जाता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? विभागीय नियमों के अनुसार विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा उपकरण अनिवार्य होते हैं, लेकिन यहां नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि बिजली विभाग के अधिकारी भी इस गंभीर लापरवाही पर कोई संज्ञान लेते नजर नहीं आ रहे हैं। ठेकेदार की मनमानी के चलते मजदूरों की जान खतरे में है।
यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो यह लापरवाही कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। अब देखना होगा कि विभाग अपने रजत महोत्सव के संकल्प को याद रखता है या फिर किसी अनहोनी का इंतजार करेगा।







