साहब, मैं अभी जिंदा हूं… मेरी वृद्धा पेंशन फिर से शुरू कर दीजिए, नगर पंचायत पाटन की गलती से जीवित वृद्ध को बताया मृत, बंद हुई वृद्धा पेंशन

पाटन। सरकारी रिकॉर्ड में हुई एक गलती का खामियाजा पाटन निवासी एक बुजुर्ग को भुगतना पड़ रहा है। नगर पंचायत पाटन में छोटे लाल देवांगन को गलती से मृत दर्ज कर दिए जाने के बाद उनकी वृद्धा पेंशन बंद हो गई। अब बुजुर्ग खुद के जिंदा होने का शपथ पत्र लेकर कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत की ओर से भेजी गई जानकारी में भूलवश छोटे लाल देवांगन का नाम मृत व्यक्ति के रूप में दर्ज हो गया। इसके बाद उनकी वृद्धा पेंशन बंद कर दी गई। पेंशन बंद होने के बाद जब उन्होंने इसकी जानकारी ली तो रिकॉर्ड में उन्हें मृत बताए जाने की बात सामने आई।

पेंशन शुरू कराने के लिए छोटे लाल देवांगन अब ‘मैं जिंदा हूं’ का शपथ पत्र लेकर संबंधित कार्यालयों में घूम रहे हैं। उनका कहना है कि जब वह जीवित हैं तो सरकारी रिकॉर्ड में उन्हें मृत कैसे दर्ज कर दिया गया। पेंशन बंद होने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बुजुर्ग ने नगर पंचायत प्रशासन से रिकॉर्ड में सुधार कर वृद्धा पेंशन तत्काल बहाल करने की मांग की है। मामले में नगर पंचायत की लापरवाही सामने आने के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन इस गलती को कितनी जल्दी सुधारता है।