घटना के चंद घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया मामला, शराब पीने और घरेलू विवाद से परेशान होकर वारदात को अंजाम देने की बात आई सामने

पाटन। गोड़पेंडरी में धर्मेंद्र पाल की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। धर्मेंद्र पाल की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी ही बहन ने किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के चंद घंटे के भीतर पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र पाल के शराब पीने और शराब के नशे में आए दिन घर में मां और बहन के साथ विवाद करने से परिवार के सदस्य परेशान थे। बताया जा रहा है कि बीती रात भी धर्मेंद्र शराब के नशे में था। जब वह सो गया, तब उसकी बहन ने सिलबट्टे के लोढ़े से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ और जांच के दौरान हत्या में उसकी बहन की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।






