पाटन।।नगर के समीप स्थित कौही स्कूल के बच्चों की सेहत पर ईंट भट्ठे का धुआं भारी पड़ने लगा है। छठवीं कक्षा के करीब 20 बच्चों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और उल्टी जैसी शिकायतें सामने आई हैं। परिजनों का आरोप है कि पास में संचालित ईंट भट्ठे से निकलने वाला घना धुआं सीधे स्कूल परिसर तक पहुंच रहा है, जिससे बच्चों की तबीयत लगातार खराब हो रही है।
स्थिति गंभीर होते देख बुधवार को आक्रोशित बच्चों और पालकों ने स्कूल में ताला जड़ दिया था। मामले की जानकारी मिलते ही बीईओ पाटन मौके पर पहुंचे और बच्चों व पालकों से चर्चा कर स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि राजस्व और माइनिंग विभाग द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद भी ईंट निर्माण का कार्य बंद नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह ईंट भट्ठा अब उनके लिए “जी का जंजाल” बन गया है।
बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए फिलहाल गांव में स्थित समरसता भवन में अस्थायी रूप से कक्षाएं लगाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ईंट भट्ठे पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।







