सीसीआरटी उदयपुर में चमकीं पाटन की शिक्षिका स्मृति दुबे : 10 दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण में बढ़ाया दुर्ग जिले का मान


पाटन।सांस्कृतिक संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र (CCRT), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में उदयपुर स्थित क्षेत्रीय केंद्र में 7 से 16 अक्टूबर तक आयोजित 10-दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) के तहत कला-एकीकृत शिक्षा (Art-Integrated Learning) और सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण पर केंद्रित इस राष्ट्रीय कार्यशाला में पाटन ब्लॉक (दुर्ग जिला) की शिक्षिका स्मृति दुबे ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, नवाचारों और सक्रिय सहभागिता से राष्ट्रीय स्तर पर दुर्ग जिले एवं छत्तीसगढ़ राज्य का गौरव बढ़ाया।


समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में मिली सफलता
राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के उच्च अधिकारियों के कुशल निर्देशन एवं प्रेरणा से शिक्षिका स्मृति दुबे एवं अन्य प्रतिभागी शिक्षकों ने इस राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में निम्नलिखित अधिकारियों का मार्गदर्शन सराहनीय रहा:


श्रीमती किरण कौशल (आयुक्त, राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़)
श्री दिनेश कौशिक (उप संचालक)
श्रीमती मंजूलता साहू (सहायक संचालक)

छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कला का शानदार प्रदर्शन
कार्यशाला के दौरान आयोजित ‘राज्य सांस्कृतिक प्रस्तुति’ में पाटन की शिक्षिका स्मृति दुबे ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को मंच पर जीवंत किया। राज्य के दल द्वारा प्रस्तुत गौरी गौरा, पंथी नृत्य, सुआ नृत्य, करमा, बिहाव गीत, राउत नाचा, रेला गीत एवं देवी गीत की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियों में स्मृति दुबे की सक्रिय भूमिका रही।
इसके साथ ही, बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्प (Metal Craft), माटी कला और हस्तशिल्प को शिक्षण सहायक सामग्री (TLM) के रूप में कक्षा-शिक्षण से जोड़ने के नवोन्मेषी मॉडल प्रस्तुत किए गए। मंचीय कार्यक्रमों में भी इनके द्वारा सक्रिय सहभागिता रही।
छत्तीसगढ़ टीम सहित स्मृति दुबे के शैक्षणिक सक्रियता की हुई जमकर सराहना
प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए कार्यों की विषय-विशेषज्ञों एवं अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने यह प्रदर्शित किया कि कैसे स्थानीय लोक संस्कृति का उपयोग कर कठिन विषयों (गणित, विज्ञान और पर्यावरण,अंग्रेजी) को विद्यार्थियों के लिए रोचक व आसान बनाया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ दल के साथ निभाई सक्रिय भूमिका
राष्ट्रीय स्तर की इस गरिमामय कार्यशाला में शिक्षिका स्मृति दुबे के साथ प्रदेश के अन्य शिक्षकों—गौसिया नसरीन, गुणसागर प्रधान, सूर्योदय सिंह, प्रतीक कुमार भगोरिया, कविता साहू, नेमलाल गंगेले, अनीता ठाकुर, गोविंद सिंह नागवंशी, ईश्वरी कुमार सिन्हा, कीर्ति साहू, कुमारी साहू, प्रमोद कुमार ध्रुव, राजेश्वरी पटेल एवं स्कंद शेष ने भी सहभागिता निभाई।
समापन समारोह में मिला सम्मान, पाटन क्षेत्र में हर्ष
16 अक्टूबर को आयोजित समापन सह प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में CCRT अधिकारियों ने उत्कृष्ट प्रोजेक्ट वर्क, सांस्कृतिक प्रस्तुति और अनुशासित भागीदारी के लिए स्मृति दुबे एवं पूरी टीम को सम्मानित किया।
राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षिका स्मृति दुबे की इस उपलब्धि से पाटन ब्लॉक और दुर्ग जिले के शिक्षा जगत में हर्ष की लहर है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे इस 10-दिवसीय प्रशिक्षण से सीखी गई कला-एकीकृत शिक्षण पद्धतियों को अपने क्षेत्र के विद्यालयों में लागू कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देंगी।


इस हेतु दुर्ग जिले के जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगजीत कुमार धीर , डीएमसी श्री विनोद सिन्हा जी तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी डालेंद्र देवांगन द्वारा शिक्षिका को उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की गई।