अण्डा। शकुंतला फाउंडेशन, रायपुर द्वारा आयोजित आरोग्यम शिरोमणि सम्मान समारोह–2026 के अंतर्गत ग्राम परसदा (डग) निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सुश्री महेश्वरी साहू को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए “महिला गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह रायपुर के वृंदावन हॉल में आयोजित हुआ।
सुश्री महेश्वरी साहू ने महिला सशक्तिकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशालाओं के आयोजन, स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण, महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसके अलावा उन्होंने रक्तदान, बाल कल्याण, बाल संस्कार, बालिका सुरक्षा (गुड टच-बैड टच) जागरूकता, मासिक धर्म स्वच्छता अभियान, नशा उन्मूलन जनजागरूकता अभियान सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर रचनात्मक एवं जनहितकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है।
इस सम्मान से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर माता चुनेश्वरी साहू, पिता नेमन साहू सहित स्वैच्छिक संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस संबंध में जानकारी चंद्रहास साहू, युवा सामाजिक कार्यकर्ता, गुण्डरदेही द्वारा प्रदान की गई।







