पाटन से सोरम तक निकलेगी सामाजिक बाइक रैली, 25 अक्टूबर को पाली उत्सव एवं सामाजिक सम्मान समारोह

समाज की एकता, सेवा, संस्कार और सम्मान का संदेश लेकर पाटन परिक्षेत्र के गांवों में पहुंचेगी बाइक रैली

पाटन। छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज पाटन परिक्षेत्र के तत्वावधान में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को ग्राम सोरम में सामाजिक पाली उत्सव, महिला एवं युवा सम्मेलन तथा सामाजिक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पाटन से सोरम तक सामाजिक बाइक रैली निकाली जाएगी।

आयोजन के तहत बाइक रैली सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगी। रैली पाटन से निकलकर अटारी, तेलीगुंडरा, खर्रा, बरबसपुर, बोरी, दतासी, धमधा, मुर्रा और सांकरा सहित निर्धारित मार्ग से होते हुए सोरम पहुंचेगी। आयोजकों ने पाटन परिक्षेत्र के समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करना, युवाओं को जागरूक एवं संगठित करना तथा सामाजिक योजनाओं और गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करना है। साथ ही समाज के विकास में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने और सामाजिक प्रतिभाओं का सम्मान करने पर जोर दिया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के माध्यम से “एक दिन समाज के नाम” का संदेश दिया जाएगा। समाज के लोगों से अपने-अपने स्तर पर सहयोग प्रदान कर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की गई है।

पाली उत्सव एवं सामाजिक सम्मान समारोह में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजजन शामिल होंगे। कार्यक्रम ग्राम सोरम, पाटन, जिला दुर्ग में आयोजित किया जाएगा।