समाजसेवी टीकाराम साहू ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में शोक की लहर, मातर पर्व के दिन रात 9 बजे घर जाने निकले थे, सुबह तालाब पार बरगद के पेड़ पर लटका मिला शव

पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम पाहंदा (अ) में एक दुखद घटना सामने आई है। पूर्व जनपद सदस्य, परिक्षेत्रीय साहू संघ झीट के सचिव एवं एकलव्य खो-खो एडवेंचर क्लब के अध्यक्ष टीकाराम साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के पास स्थित तालाब पार एक बरगद के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।

मिली जानकारी के अनुसार, मातर पर्व के दिन टीकाराम साहू गांव में घूमने निकले थे। रात्रि करीब 9 बजे वे घर जाने के लिए निकले, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। परिजनों को लगा कि वे कहीं रुक गए होंगे, लेकिन सुबह तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान घर के पास तालाब पार बरगद के पेड़ पर उनका शव लटका हुआ मिला।

घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टीकाराम साहू सामाजिक गतिविधियों में काफी सक्रिय रहते थे। पूर्व जनपद सदस्य के रूप में उन्होंने क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई थी। साहू समाज के संगठनात्मक कार्यों के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निधन की खबर से गांव सहित सामाजिक और खेल जगत में शोक की लहर है।