शिक्षा एवं महिला स्वास्थ्य पर विशेष परिचर्चा का आयोजन
जामगाँव (आर), दुर्ग। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगाँव (आर), भरर, दुर्ग में शिक्षा एवं महिला स्वास्थ्य विषय पर विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन MYL Organics, उतई, दुर्ग के सहयोग से किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा भारत में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को फास्ट फूड, मोबाइल की अत्यधिक लत एवं अस्वस्थ जीवनशैली से बचने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने Gen Z के विद्यार्थियों से स्वस्थ आदतों को अपनाकर अपने भविष्य को बेहतर एवं सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में MYL Organics, उतई, दुर्ग के हेल्थ कोच दुष्यंत साहू एवं कुमारी मोनिका साहू ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। परिचर्चा में विशेष रूप से युवा पीढ़ी के खान-पान, दैनिक दिनचर्या, शारीरिक सक्रियता, नींद की कमी तथा मोबाइल की बढ़ती लत जैसे समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याओं को जानने एवं उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव देने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर हेल्थ कोच मोनिका साहू ने छात्राओं से महिला स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने तथा अच्छी गुणवत्ता वाले सेनेटरी नैपकिन के उपयोग एवं सुरक्षित निपटान की जानकारी दी। छात्राओं द्वारा पूछी गई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
महाविद्यालय की NSS एवं महिला सेल की संयोजक चेतना सोनी ने प्लास्टिक उत्पादों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने प्लास्टिक के कारण पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को समझाते हुए इसके उपयोग को कम करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली तथा स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।






