पाटन।।पाटन क्षेत्र की सड़कों पर भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार आमजन के लिए जानलेवा साबित होती जा रही है। नजर हटते ही दुर्घटना घटित हो रही है और प्रशासनिक लापरवाही पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला आज सुबह करीब 9 बजे पाटन से लगे ग्राम अटारी में सामने आया, जहां तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गई और सीधे एक दुकान में जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार हाइवा चालक अत्यधिक गति में वाहन चला रहा था। अनियंत्रित रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे हाइवा पलट गई। राहत की बात यह रही कि घटना सुबह के समय हुई, जिस कारण दुकान के आसपास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
बताया जा रहा है कि उक्त हाइवा अभनपुर की ओर से आ रही थी और उसमें भारी मात्रा में राखड भरी हुई थी। अधिक वजन और तेज रफ्तार के चलते वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि रात और सुबह के समय भारी वाहनों का तेज गति से आवागमन लगातार बढ़ रहा है। बिना किसी डर के हाइवा, ट्रक और अन्य भारी वाहन गांव की सड़कों से गुजरते हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए, ब्रेकर बनाए जाएं और रात्रिकालीन भारी वाहन संचालन पर रोक लगाई जाए। भारी भरकम गाड़ी दौड़ रही है लेकिन पुलिस करवाही क्यों नही कर रही है । स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो पाटन क्षेत्र की सड़कें दुर्घटना घाटी बनती चली जाएंगी। अब सवाल यह है कि प्रशासन जागेगा या किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई करेगा।







