राष्ट्रीय खेल दिवस पर नेहरू महाविद्यालय में खेल एवं योग गतिविधियों का आयोजन

केशव साहू
विद्यार्थियों के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी हुए सम्मानित

डोंगरगढ़ । छत्तीसगढ़ शासन एवं आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ में सोमवार, 31 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जाम्बुलकर के निर्देशन एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. एम.एल. नंदेश्वर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में खेल गतिविधियों के साथ योग एवं फिजिकल एक्टिविटी सेशन का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद हरिश मोटघरे, देवेन्द्र साखरे एवं सुमित ताम्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा हॉकी के महान खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।

खेलों में भागीदारी से व्यक्तित्व का होता है विकास
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं संघर्ष करने की क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में आयोजित होने वाली खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, महाविद्यालय एवं डोंगरगढ़ शहर का नाम गौरवान्वित करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि पार्षद हरिश मोटघरे, देवेन्द्र साखरे एवं सुमित ताम्रकार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पढ़ाई के साथ शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकते हैं।

विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें बैडमिंटन, कुर्सी दौड़, कबड्डी, रस्साकशी, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन किया।
विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की ओर से अतिथियों द्वारा शील्ड, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।

योग एवं फिजिकल एक्टिविटी सेशन का आयोजन
छत्तीसगढ़ शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शैक्षणिक संस्थानों में योग एवं अन्य स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों के नियमित संचालन की दिशा में महाविद्यालय के पुराने भवन में शारीरिक शिक्षण विभाग एवं योगा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के लिए योग एवं फिजिकल एक्टिविटी सेशन आयोजित किया गया।
योग शिक्षिका मंजू धनकर द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान ध्यान मुद्रा, ताड़ासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं प्राणायाम सहित विभिन्न योगाभ्यास कराए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने योगाभ्यास में सक्रिय सहभागिता करते हुए शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
योगाभ्यास के साथ स्टाफ सदस्यों के लिए कुर्सी दौड़ एवं अन्य मनोरंजक खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल गतिविधियों का आनंद लिया।

माह में दो बार होंगी योग एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियां
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. एम.एल. नंदेश्वर ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार महाविद्यालय में योग एवं अन्य स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का संचालन प्रत्येक माह में दो बार किया जाएगा। इन गतिविधियों से संबंधित जानकारी शासन को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक भेजी जानी है।
उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। नियमित योग, व्यायाम एवं खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, एकाग्रता, अनुशासन एवं कार्यक्षमता का विकास होता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. श्रीमती आशा चौधरी, डॉ. आर.आर. कोचे, नितेश कुमार तिरपुड़े, श्रीमती नीलम चतुर्वेदानी, श्रीमती सोनाली लोया, ओमप्रकाश वर्मा, हेमूराम पदमे, गुलशन सिन्हा, अविनाश सिंह, जी.के. यादव, बेदप्रकाश साहू सहित कर्मचारीगण नितिन शांडिल्य, सुशील सोनवानी, के.जी. सोनकर, विवेक श्रीवास, सौरभ कुमार वट्टी, श्रीमती चित्रा खोब्रागढ़े, शैलेन्द्र यादव एवं धनेन्द्र उपस्थित रहे। इसके अलावा अतिथि व्याख्याता डॉ. नीता राजपूत, डॉ. येशुक्रिती हजारे, नीलम सिन्हा, डॉ. सपना परिहार, झरना साहू, डॉ. नौशीन अंजूम, एवलाल मेश्राम, अनिमा मिंज, मनीषा भेड़िया, गौरव तिवारी, डॉ. देवश्री देवांगन, प्रिया ठाकुर, डॉ. गोकुल प्रसाद, डॉ. राकेश कुमार धृतलहरें, डॉ. रोशनी राठौर, रोशन साहू, लक्ष्मीकांत साहू, पूर्वेश कुमार बांधव सहित संदीप गजभिये, आयुष वायकर, शबाना परविन एवं डिगेश्वर सिन्हा तथा एनसीसी एवं एनएसएस इकाई के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ को खेल, योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में खेल भावना, अनुशासन, सहभागिता एवं स्वास्थ्य के महत्व का संदेश दिया गया।