राजीव युवा मितान क्लब द्वारा खेल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, पारंपरिक खेलों में भाग लेने वालों को याद आने लगा फिर से अपना बचपन: रवि घोष

आशीष दास

कोंडागांव/बोरगांव । छत्तीसगढ़िया ओलंपिक पूरे राज्य में शुरू हो गया है। त्यौहारों के इस खुशनुमा माहौल में महिलाएं, युवाओं से लेकर बुजुर्ग इन खेलों में उत्साह से हिस्सा ले रहे हैं। एक तरफ प्रकृति की हरियाली वहीं दूसरी ओर फसल के रूप में प्रकृति का उपहार इस उत्साह को कई गुना बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में राजीव युवा मितान क्लब फरसगांव द्वारा नगर पंचायत फरसगांव के अस्पताल मैदान में पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रवि घोष ने महात्मा गांधीजी के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय लांडगे सहित सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में गिल्ली डंडा खेल कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गयाइस दौरान कांग्रेस प्रदेश महामंत्री रवि घोष ने कहा कि पहली बार छत्तीसगढ़ में आयोजित हो रहे इन पारंपरिक खेलों में लोगों का जुड़ाव स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। छत्तीसगढ़ में इन खेलों के प्रति रूचि इस बात से पता चल रही है कि इन खेलों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपना बचपन और युवावस्था फिर से याद आने लगा है।हमारी संस्कृति में परम्परागत खेल रचे बसे हैं। यहां के लोक जीवन में ये खेल न केवल मनोरंजन का जरिया हैं बल्कि ये शरीर को स्वस्थ रखने के साथ ही हमें ताजगी और स्फूर्ति भी देते हैं। पिट्टुल, गिल्ली -डंडा, खो-खो, कबडडी जैसे खेल यहां गांव-गांव खेले जाते हैं। इनमें खो-खो और कबड्डी के खेल में खिलाड़ियों की चुश्ती और फुर्ती देखते ही बनती है।प्रतियोगिता के दौरान महिलाएं, युवा एवं बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमें रस्सी खींच खो खो कबड्डी, मटकी फोड़, जैसे पारंपरिक खेल में सभी ने अपना खेल हुनर का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को युवा मितान क्लब द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया।