एथलेटिक्स क्लब आमटी (निकुम) में खेल ग्राउंड का हुआ उद्घाटन, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह



अंडा। फोटो।  ग्राम आमटी (निकुम) स्थित एथलेटिक्स क्लब में आज नवनिर्मित खेल ग्राउंड का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर ग्राम की सरपंच  दुर्गा पुरुषोत्तम चौधरी, निखिल साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, क्लब से जुड़े खिलाड़ी एवं बच्चों के माता–पिता उपस्थित रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करता है। गांव में खेल ग्राउंड के निर्माण से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और बच्चे खेलों के प्रति अधिक प्रेरित होंगे। एथलेटिक्स क्लब आमटी (निकुम) के प्रशिक्षकों रूपेंद्र साहू, टेमन यादव और नवीन यदु के मार्गदर्शन में क्लब के खिलाड़ी विभिन्न एथलेटिक्स विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान कोचों और समस्त खिलाड़ी बंधुओं का भी सम्मान किया गया। ग्राउंड के उद्घाटन से गांव के बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में इससे क्षेत्र से राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे।