जगदलपुर में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाली इंटर-जोनल स्पर्धा में दिखाएंगे दमखम

भाटापारा में आयोजित जोनल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर हासिल किया मुकाम
पाटन।इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत संचालित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा (पाटन) के होनहार विद्यार्थियों ने खेल के क्षेत्र में महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। महाविद्यालय के तीन प्रतिभावान विद्यार्थियों— खेमलता मंडावी, जिज्ञासा मंडावी और विकास सोरी का चयन प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय स्तरीय अंतर-क्षेत्रीय (इंटर-जोनल) खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के लिए हुआ है।

जगदलपुर में होगी मुख्य स्पर्धा
चयनित तीनों खिलाड़ी आगामी 28 से 30 नवंबर 2026 तक एसजी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर में आयोजित होने वाली विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जोनल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का मिला इनाम
गौरतलब है कि इन विद्यार्थियों का चयन हाल ही में 20 से 22 नवंबर 2026 तक डीकेएस कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, भाटापारा में संपन्न हुई पूर्वी क्षेत्र अंतर-महाविद्यालयीन (जोनल) खेलकूद प्रतियोगिता में उनके बेहतरीन और अनुशासित प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
महाविद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
विद्यार्थियों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे महाविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा सहित समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने चयनित खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर महाविद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।






