पाटन – ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, जामगांव (आर) के अध्यक्ष श्री राजेश ठाकुर ने छत्तीसगढ़ के विष्णुदेव सायं को सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 पर कड़ी आपत्ति, गहरा असंतोष एवं रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट राज्य के समग्र विकास की दृष्टि से पूरी तरह निराशाजनक दस्तावेज साबित हुआ है। इस बजट में न तो कोई बड़ी विकासात्मक घोषणा है और न ही युवाओं, किसानों, महिलाओं एवं आम नागरिकों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला कोई ठोस विज़न दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और चरमराती शिक्षा प्रणाली से जूझ रही है, ऐसे समय में सरकार से ठोस पहल और दूरदर्शी योजनाओं की अपेक्षा थी। किन्तु प्रस्तुत बजट केवल आंकड़ों का खेल और खोखले वादों का पुलिंदा बनकर रह गया है,।

उन्होंने कहा कि वर्तमान बजट को यदि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी के कार्यकाल से तुलना करें तो अंतर साफ दिखाई देता है। उनके नेतृत्व में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली, किसानों के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में सहायता राशि दी गई, समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए। श्री बघेल के कार्यकाल में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने, गौठान योजना, ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देने, युवाओं के लिए रोजगार अवसर सृजित करने और महिलाओं के स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने जैसी अनेक योजनाएँ प्रभावी रूप से लागू हुईं। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक सुधार देखने को मिला। उस समय प्रदेश का हर वर्ग—किसान, युवा, महिला, कर्मचारी और व्यापारी—अपने आप को सुरक्षित और संतुष्ट महसूस कर रहा था। कांग्रेस की भूपेश बघेल जी की सरकार ने “जनता के साथ, जनता के लिए” काम करने का उदाहरण प्रस्तुत किया था, जबकि वर्तमान बजट में जनहित की स्पष्ट दिशा का अभाव है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यदि सरकार जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी करती रही तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज़ बुलंद करती रहेगी।
श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि किसानों के लिए कोई विशेष और ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, खाद-बीज और सिंचाई की समस्या गंभीर है, फिर भी सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यह किसानों के साथ सीधा छल है। समर्थन मूल्य, कर्ज राहत और कृषि निवेश बढ़ाने जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह मौन है। महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वरोजगार के लिए भी बजट में कोई प्रभावी योजना नहीं दिखाई देती। युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है, जिससे प्रदेश के लाखों शिक्षित बेरोजगार युवाओं की आशाओं पर पानी फिर गया है। स्पष्ट मत है कि यह बजट भाजपा सरकार और उसके नेतृत्व की विफलता को उजागर करता है। मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरने में असफल रहे हैं। विकास के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया है।
ब्लॉक अध्यक्ष श्री राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, एवं हमारे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी, हमारे नेता लोकसभा के नेता विपक्ष आदरणीय श्री राहुल गांधी जी, श्री भूपेश बघेल जी सदैव जनता की आवाज़ बनकर खड़ी रही है और आगे भी किसानों, महिलाओं, युवाओं और प्रदेश के हर वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। यदि सरकार जनहित के मुद्दों पर पुनर्विचार नहीं करती, तो कांग्रेस जनआंदोलन के माध्यम से जनता की आवाज़ बुलंद करेगी।






