राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव 20 जुलाई को जामगांव (एम) में, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, जनपद शिक्षा समिति के अध्यक्ष की नहीं बनाया अतिथि

पाटन। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत जामगांव (एम) स्थित शासकीय विद्यालय में 20 जुलाई को राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस आयोजन को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इधर कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर एक नया विवाद भी सामने आया है। जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष एवं जनपद शिक्षा समिति के सभापति कमलेश वर्मा का नाम शिक्षा विभाग द्वारा जारी अतिथि सूची में शामिल नहीं किए जाने पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में जनपद शिक्षा समिति के सभापति का नाम अतिथि क्रम में नहीं होने से इसे स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के रूप में देखा जा रहा है। जबकि जनपद शिक्षा समिति के सभापति होने के नाते शिक्षा संबंधी कार्यक्रमों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। वहीं अतिथि सूची को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।