भिलाई।छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ एवं योग लंगर समिति भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती की स्मृति में सातवीं सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर बालक-बालिका राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। भिलाई के सेक्टर-6 स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 150 से अधिक प्रतिभागियों ने अलग-अलग आयु वर्ग में अपने अद्भुत योग कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात एमएस ऑर्थो एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मानवेंद्र जंघेल उपस्थित थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रिसाली नगर निगम के सभापति श्री केशव बंछोर ने की। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय योग खिलाड़ी धीरेंद्र कुमार वर्मा मुख्य प्रशिक्षक के रूप में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
पाटन के खिलाड़ियों का दबदबा, जीते 3 गोल्ड सहित 4 मेडल
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पाटन ब्लॉक के 4 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और चारों ने ही शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल अपने नाम किए। इन सभी 4 खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:

- केशव सिंह सपहा: 5 से 9 आयु वर्ग की बालक ट्रेडिशनल योगासन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल जीता।
- भूमिका साहू: बालिका सीनियर 19 से 27 आयु वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया।
- अंतरा साहू: (14 से 19) आयु वर्ग के ट्रेडिशनल योगासन में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता। इसके साथ ही उन्होंने 15 से 20 आयु वर्ग की बालिका आर्टिस्टिक सिंगल श्रेणी में दूसरा स्थान पाकर सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया।
- अनन्या वर्मा: सब-जूनियर बालिका आर्टिस्टिक सिंगल योग में तीसरा स्थान प्राप्त कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।
क्षेत्र में हर्ष की लहर
पाटन के खिलाड़ियों के इस शानदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्रवंशी, डॉ. अनिता साहू, योग गुरु श्री तुलाराम वर्मा, लालराम वर्मा, खिलेन्द्र साहू, भारत लाल ताम्रकार और संतोष यादव सहित खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।






