पाटन। थाना पाटन पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब चार माह पहले ग्राम सोनपुर से बाइक चोरी करने के बाद पहचान छिपाने के लिए उस पर दूसरे वाहन का नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी आदित्य प्रजापति, निवासी खेरथा बाजार, थाना डौंडी लोहारा, जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 मई 2026 की रात 11 बजे से 3 बजे के बीच उसकी लाल रंग की Honda Livo मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 S 5933, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये है, ग्राम सोनपुर में उसके ससुर के घर के सामने से चोरी हो गई थी।

चोरी की बाइक की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 21 सितंबर की रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आया। पुलिस को देखकर युवक भागने और छिपने का प्रयास करने लगा। रोककर पूछताछ करने पर उसने शुरुआत में अपना नाम-पता गलत बताया। संदेह के आधार पर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजकुमार धीवर, उम्र 18 वर्ष 3 माह, निवासी रायपुर बताया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने करीब चार माह पूर्व ग्राम सोनपुर से उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की Honda Livo बाइक बरामद कर ली। बताया गया कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने चोरी की बाइक पर दूसरे वाहन का नंबर प्लेट लगा रखा था।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय पाटन में प्रस्तुत किया है। कार्रवाई में थाना पाटन पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






