उत्तर-पश्चिम में आंधी-तूफान, दक्षिण में मानसून पूर्व बारिश का कहर; कई राज्यों में आज बरसात का अलर्ट



उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत तक में बदलते मौसम का कहर देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान, हिमपात, ओलावृष्टि, गरज और बिजली की चमक के साथ बारिश हो रही है। कुछ क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी का प्रकोप भी बना हुआ है। वहीं, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी से हुई है। बंगलूरू में सड़कों पर पानी भर गया, कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है और राहत व बचाव के लिए महनगर में नावें उतारनी पड़ी हैं। विभिन्न राज्यों में आंधी-तूफान और वर्षा जनित घटनाओं में 11 लोगों की मौत भी हो गई और कई घायल हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के उत्तरी गंगीय क्षेत्र से होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण गुजरात से सटे उत्तर-पूर्व अरब सागर पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है।  मौसम संबंधी इन प्रणालियों के चलते आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में और 24 मई तक उत्तराखंड और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गरज, बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।  पश्चिमी राजस्थान में 22 मई तक लू चलने की संभावना है।

दिल्ली-एनीआर में पांच दिन बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राजधानी दिल्ली में 20 से 25 मई तक बारिश की संभावना है। ऐसे में रविवार तक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की से बहुत हल्की बारिश से साथ और तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है, जो गरज के साथ अस्थायी रूप से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। ऐसे में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी। पारा गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। 21 मई को अधिकतम तापमान 37 से 39 और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का उतार-चढ़ाव हो सकता है। सुबह के समय उत्तर पश्चिम दिशा से 20-25 किमी प्रति घंटे की गति से सतही हवाएं चल सकती हैं और धीरे-धीर कम होते हुए शाम तक इनकी गति 15 किमी प्रति घंटे से कम हो सकती है।

यूपी में करवट लेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम फिर से करवट लेने वाला है। साथ ही कुछ दिनों के लिए भीषण गर्मी और लू से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में 20 से 23 मई के बीच पूरब से पश्चिम तक तेज हवाओं व गरज चमक के साथ बूंदाबांदी के संकेत हैं। तराई इलाकों में चल रही पुरवाई और बूंदाबादी का विस्तार अब प्रदेश के पूर्वी-पश्चिमी दोनों संभागों में देखने को मिलेगा।

यहां भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब से लेकर उत्तर बांग्लादेश तक पूर्व-पश्चिम ट्रफ बना हुआ है। इसके परिणामस्वरूप अगले कई दिनों तक पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, बंगलुरू कर्नाटक, कोंकण, ओडिशा और गोवा केरल के साथ ही मुंबई में भारी बारिश की संभावना है।

हाईटेक सिटी का हाल बेहाल
मानसून से पहले की बारिश में हाईटेक सिटी बंगलूरू का बुरा हाल हो गया है। रविवार रात से ही भारी बारिश हो रही है। औसत 10.5 सेमी वर्षा दर्ज की गई है। बारिश ने शहर को घुटनों पर ला दिया है। ज्यादातर इलाकों में सड़कों से लेकर घरों और मैदानों में पानी भर गया है। बारिश के चलते एक दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 35 साल की महिला की मौत हो गई। कई जगह पेड़ भी उखड़ कर वाहनों और सड़कों पर गिर गए हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। राज्य आपका विभाग का कहना है कि ऐसी बारिश को किसी की उम्मीद नहीं थी। रविवार रात हुई बारिश को साल की सबसे भारी बारिश बताया जा रहा है। पानी में डूबे इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सड़कों पर नावें उतारी गई हैं। राहत और बचाव कर्मी घरों में फंसे लोगों को निकाल रहे हैं और जरूरी सामान भी मुहैया करा रहे हैं। अब तक सैकड़ों लोगों को जलमग्न क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला गया है।