योजनाओं में लापरवाही पर सख्ती, जिपं सी ई ओ ने लो बैठक, निर्माण कार्यों और शासकीय योजनाओं की समीक्षा, बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पाटन ब्लॉक के चार सचिव को नोटिस जारी


दुर्ग। जिला पंचायत सभा कक्ष में श्री बजरंग कुमार दुबे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्षता में जनपद पंचायत पाटन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की निर्माण कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अनुपस्थित पाए गए ग्राम पंचायत सचिव भरर, खम्हरिया (कृ. संाकरा), मर्रा और कौही को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। ग्राम पंचायत बोरिद के रोजगार सहायक श्री भुनेश्वर प्रसाद ठाकुर की कार्य में लापरवाही के कारण सेवा समाप्ति की कार्यवाही के निर्देश दिए गए। कौही ग्राम पंचायत सचिव के निलंबन हेतु प्रस्ताव तथा भरर और मर्रा सचिवों के एक दिन के वेतन कटौती के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पाटन को दिए गए।
बैठक में बताया गया कि ग्राम पंचायतों में केंद्र और राज्य पोषित योजनाओं के तहत विभिन्न अधोसंरचना निर्माण कार्य स्वीकृत किए जाते हैं। ग्राम संपदा ऐप के माध्यम से ग्राम पंचायत की सीमाओं के भीतर उपलब्ध चल और अचल संपत्तियों की जीआईएस आधारित जियो-फेंसिंग जानकारी संकलित की जाती है, ताकि निर्माण कार्यों की वास्तविक जानकारी रियल-टाइम में प्राप्त हो सके।
समर्थ पंचायत पोर्टल ग्राम पंचायतों के स्वयं के कर और गैर-कर राजस्व की मैपिंग एवं ई-भुगतान की सुविधा प्रदान करता है, जिससे राजस्व संग्रह बढ़ाने में मदद मिलती है।
बैठक में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों की समीक्षा भी की गई। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को महतारी पेंशन, बैंकिंग सेवाएं, बिल भुगतान, यात्रा टिकट बुकिंग और अन्य सरकारी ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। केंद्रों का संचालन स्थानीय युवाओं द्वारा किया जाता है, जिससे रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं और डिजिटल सशक्तिकरण बढ़ता है।
समीक्षा बैठक में ग्राम संपदा ऐप, समर्थ पोर्टल, अटल डिजिटल सेवा केंद्र, विभिन्न पेंशन योजनाएं और महतारी वंदन योजना के भुगतान और ट्रांजैक्शन प्रक्रियाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को हितग्राहियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जनपद पंचायत पाटन को 784 आवासों में से 239 पूर्ण होने पर नाराजगी व्यक्त की और शेष 545 आवासों को समय सीमा में पूर्ण करने हेतु प्रति दिवस लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। अप्रारंभ और अपूर्ण आवासों के लिए सप्ताह में तीन दिन भौतिक निरीक्षण कर कार्य प्रारंभ और पूर्ण कराने के आदेश भी दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पाटन, समस्त एडीईओ, उप अभियंता, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, मनरेगा कर्मी, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।