खुले में गंदगी फैलाने पर सख्ती: वाहन जप्त, एफआईआर की तैयारी, पाटन ब्लॉक के  धौराभाठा में जनप्रतिनिधि जागरूक


पाटन ।जनपद पंचायत पाटन के ग्राम पंचायत धौराभाटा द्वारा क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने हेतु कड़ी कार्रवाई की जा रही है। खुले में गंदगी फैलाने एवं मानव मल को सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत धौराभाटा क्षेत्र में एक वाहन (क्रमांक AP16TX4515) के माध्यम से सेप्टिक टैंक का मल खुले स्थानों पर फेंका जा रहा था। शिकायत मिलने पर पंचायत द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए अस्वच्छता फैलाने में प्रयुक्त वाहन को जप्त कर लिया गया।
ग्राम पंचायत ने बताया कि भारत सरकार की स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत गांव को ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) घोषित किया जा चुका है। ऐसे में इस प्रकार की गतिविधि नियमों का उल्लंघन है और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करती है।
जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस संबंध में कलेक्टर दुर्ग, पुलिस अधीक्षक दुर्ग एवं अन्य अधिकारियों को सूचित किया गया है।
ग्राम पंचायत धौराभाटा के सरपंच विनय चंद्राकर ने कहा कि स्वच्छता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।