पाटन।
पाटन महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में हाल ही में जारी परीक्षा परिणाम को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। परीक्षा परिणाम में लगभग 90 से 95 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को एक ही विषय में 5 अंक से भी कम अंक मिलने के बाद विद्यार्थियों ने परिणाम की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। इसी मुद्दे को लेकर छात्र नेता युवराज साहू के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने दुर्ग विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच करने की मांग की।
छात्र-छात्राओं का कहना है कि एक ही विषय में इतने कम अंक मिलना चिंता का विषय है। इससे विद्यार्थियों के भविष्य और आगे की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा परिणाम की गंभीरता से जांच करने तथा उत्तर पुस्तिकाओं का उचित पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग की है, ताकि किसी भी विद्यार्थी के साथ अन्याय न हो।
छात्र हितों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा युवराज साहू
इस संबंध मे छात्र नेता युवराज साहू ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य किसी भी शैक्षणिक व्यवस्था की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। यदि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को एक ही विषय में 5 अंक से भी कम अंक प्राप्त हो रहे हैं, तो इस विषय की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य विश्वविद्यालय प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बनाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को न्याय दिलाना है। परीक्षा परिणाम को लेकर छात्र-छात्राओं के मन में जो सवाल और आशंकाएं हैं, उनका समाधान होना चाहिए। हम मांग करते हैं कि संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं की निष्पक्ष जांच एवं पुनर्मूल्यांकन कराया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। किसी भी विद्यार्थी का भविष्य किसी भी प्रकार की लापरवाही के कारण प्रभावित नहीं होना चाहिए।
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान हरमनप्रीत, प्रिया, लक्ष्मी, धात्री, रश्मि, ममता, दिकेश्वरी, दिव्या, दामिनी, चंद्रकांता, सेजल, रोशनी, लिसा, रौनक दीप, गौरव, समीर, हनी वर्मा,पायल वर्मा,योगिता धनकर,प्रियंका साहू,धनेश्वरी सेन,जागेश्वरी,लीना पटेल,निधि,नेहा,पुष्पेंद्र,मिमांशु,मयंक,भूमि पटेल,मधु ठाकुर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई की जाए और परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया जाए।







