अर्जुनी।शासकीय उच्चतर पूर्व माध्यमिक शाला मोपर के कक्षा छठवीं से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संत शिरोमणि गुरु बाबा घासीदास के तपोस्थल गिरौदपुरी धाम, छाता पहाड़, खरौद स्थित लक्ष्मणेश्वर मंदिर एवं भक्त माता शबरी की नगरी शिवरीनारायण के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम में वर्णित पौराणिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विषयों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें प्रदेश की गौरवशाली विरासत से परिचित कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न स्थलों की धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक महत्व, स्थापत्य कला एवं लोक परंपराओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।गिरौदपुरी धाम में विद्यार्थियों को संत गुरु बाबा घासीदास के जीवन, उनके आध्यात्मिक विचारों, सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश से परिचित होने का अवसर मिला। बाबा घासीदास द्वारा सत्य, अहिंसा एवं सामाजिक सद्भाव के सिद्धांत विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी रहे। वहीं छाता पहाड़ के प्राकृतिक एवं धार्मिक महत्व को जानने के साथ विद्यार्थियों ने प्रकृति और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति भी जानकारी प्राप्त की।खरौद स्थित लक्ष्मणेश्वर मंदिर के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को मंदिर की प्राचीनता, धार्मिक मान्यताओं एवं स्थापत्य विशेषताओं से परिचित कराया गया। इसके पश्चात शिवरीनारायण में भक्त माता शबरी से जुड़ी धार्मिक एवं पौराणिक मान्यताओं तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया
विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव, सामाजिक समझ एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों में इतिहास, संस्कृति, धार्मिक विरासत एवं स्थानीय पर्यटन स्थलों के प्रति रुचि विकसित होती है, वहीं सामूहिक भ्रमण से अनुशासन, सहयोग, सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है।

यह शैक्षणिक भ्रमण प्रधान पाठक ललित कुमार सोनी, संकुल समन्वयक मनीष कुमार साहू शिक्षक माखन लाल वर्मा एवं राकेश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और देखरेख में संपन्न हुआ।






