ग्राफ्टिंग पौधों की आधुनिक तकनीक से रूबरू हुए छात्र, सी एस नर्सरी चंगोरी पहुंचे छात्र


पाटन।
ग्राम चांगोरी में स्थित सी.एस. एग्रो नर्सरी का महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग (छत्तीसगढ़) के अनुसंधान केंद्र सांकरा से आए बीएससी चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं ने ग्रामीण उद्यानिकी एवं अनुभव कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नर्सरी में तैयार किए जा रहे उच्च गुणवत्ता वाले ग्राफ्टिंग पौधों की उत्पादन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
नर्सरी भ्रमण के दौरान संचालक चंद्रशेखर वर्मा ने विद्यार्थियों को टमाटर, भांटा सहित विभिन्न फलदार पौधों की ग्राफ्टिंग विधि, पौधों की देखरेख, मिट्टी मिश्रण, सिंचाई व्यवस्था एवं रोग नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही तकनीक और वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर कम समय में अधिक उत्पादन और बेहतर गुणवत्ता के पौधे तैयार किए जा सकते हैं, जिससे किसानों की आमदनी में भी वृद्धि होती है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ग्राफ्टिंग से संबंधित अनेक जिज्ञासाएं रखीं, जिनका नर्सरी संचालक द्वारा विस्तार से समाधान किया गया। विद्यार्थियों ने इसे अपने पाठ्यक्रम के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे व्यावहारिक अनुभव से उन्हें भविष्य में स्वरोजगार एवं कृषि उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नर्सरी प्रबंधन की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।