अंडा।शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत सेजेस अंडा दुर्ग विद्यालय के कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों का ऑन जॉब ट्रेनिंग (ओ. जे. टी) प्रशिक्षण अंतर्गत राज फोटो स्टूडियो का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। यह प्रशिक्षण प्राचार्य सीमा जाम्बुलकर के मार्गदर्शन एवं वोकेशनल ट्रेनर दामिनी साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कैमरा संचालन, स्टूडियो लाइटिंग, फोटोशूट एवं फोटो एडिटिंग की व्यावहारिक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लेते हुए प्रोफेशनल फोटोग्राफी से जुड़ी विभिन्न तकनीकों को करीब से समझा। साथ ही कैमरा संचालन एवं फोटोशूट गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर स्टुडियो संचालक नीलाम्बर धीवर ने विद्यार्थियों को स्टूडियो कार्यप्रणाली एवं प्रोफेशनल फोटोग्राफी की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल फोटोग्राफी एवं एडिटिंग के क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं और यह क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्राचार्य सीमा जाम्बुलकर ने कहा कि इस प्रकार के प्रायोगिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों के कौशल development एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं और उन्हें नई तकनीकों से जोड़ते हैं।
वहीं वोकेशनल ट्रेनर दामिनी साहू ने कहा कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे इंडस्ट्री आधारित कार्यप्रणाली को समझ सकें और अपने करियर में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।






