संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र मर्रा (पाटन) के बीएससी चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं ने अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ओमप्रकाश परगनिहा के नेतृत्व में रावे / रेडी कार्यक्रम 2025 – 26 का उन्मुखीकरण कार्यक्रम ग्राम बेलौदी में संचालित है । RAWE कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा कृषकों एवं कृषि क्षेत्र की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने हेतु कृषि विज्ञान केंद्र, अरौद (बालोद), दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना मार्य. बालोद एवं शासकीय उद्यानिकी नर्सरी बालोद का शैक्षणिक भ्रमण किया गया।
भ्रमण के प्रथम चरण शक्कर कारखाना का भ्रमण किया, जहाँ श्री अंकित कुमार एवं श्री दुष्यंत साहू जी द्वारा गन्ने से चीनी उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया जैसे गन्ना तौल, क्रशिंग, जूस शोधन, उबाल, क्रिस्टलीकरण एवं पैकेजिंग की जानकारी दी गई। साथ ही उप-उत्पादों जैसे शीरा (मोलासेस) एवं खोई (बैगास) के उपयोग पर भी प्रकाश डाला गया। साथ ही गन्ने की नर्सरी का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस दौरान डॉ. हकीम सिंग ने विद्यार्थियों को गन्ने की उन्नत किस्मों, सीडलिंग तैयार करने की आधुनिक तकनीक, रोपाई विधि एवं पौध संरक्षण उपायों की जानकारी दी गई। गन्ना उत्पादन में नर्सरी विधि के लाभ बताते हुए अधिक उपज एवं लागत कम करने पर जोर दिया जाना बताया गया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने शासकीय उद्यानिकी नर्सरी का भ्रमण किया। जहां श्री अनिल महिलांग जी ने फल, सब्जी एवं फूलों के पौधों की नर्सरी तैयारी, कलम, ग्राफ्टिंग, लेयरिंग, फसलों पर लगने वाले हानिकारक कीटों के प्रबंधन तथा गुणवत्तायुक्त पौध उत्पादन की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। नर्सरी प्रभारी द्वारा शासन की उद्यानिकी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।
अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) का अवलोकन किया, जहाँ डॉ. सचिन वर्मा एवं अन्य वैज्ञानिकों द्वारा उन्नत कृषि तकनीक, नवीन किस्में, मृदा परीक्षण, जैविक खेती, फसल सुरक्षा एवं कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने KVK में संचालित विभिन्न प्रदर्शनों को भी देखा।
इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को कृषि के व्यावहारिक पक्ष को समझने का अवसर मिला, जिससे उनका ज्ञान एवं कौशल दोनों विकसित हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस प्रकार के भ्रमण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए महाविद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। यह शैक्षणिक भ्रमण महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. किरण कुमार नागराज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।








