पाटन। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा पाटन के बी.एससी. कृषि के चतुर्थ वर्ष (द्वितीय सेमेस्टर) के विद्यार्थियों द्वारा मॉड्यूल कार्यक्रम के अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण पाठ्यक्रम के तहत आलू चिप्स उत्पादन एवं विपणन गतिविधि का सफल आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार वर्मा द्वारा “विनोबा चिप्स” का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह उत्पाद संत विनोबा भावे के नाम पर रखा गया है, जो महाविद्यालय की पहचान को दर्शाता है।
विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम के अंतर्गत उच्च गुणवत्ता वाले तले हुए (Fried) एवं सूखे (Dried) आलू चिप्स का निर्माण किया। चिप्स को आकर्षक रूप से 50 ग्राम एवं 100 ग्राम के पॉलीथिन पैकेट्स में पैक किया गया। निर्माण से लेकर पैकेजिंग और बिक्री तक की पूरी प्रक्रिया विद्यार्थियों द्वारा स्वयं संचालित की गई, जिससे उन्हें व्यावहारिक ज्ञान एवं उद्यमिता कौशल का अनुभव प्राप्त हुआ।
यह संपूर्ण गतिविधि उद्यानिकी विभाग के प्राध्यापक डॉ. किरण कुमार नागराज के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
महाविद्यालय प्रशासन एवं विद्यार्थियों की ओर से आम जनता को आमंत्रित किया जाता है कि वे “विनोबा चिप्स” का स्वाद लें एवं स्थानीय स्तर पर निर्मित इस गुणवत्तापूर्ण उत्पाद का समर्थन करें।





