केशव साहू
डोंगरगढ़ । शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। वर्ष 2025 की विश्वविद्यालय परीक्षाओं के घोषित परिणामों में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के कुल 11 विद्यार्थियों ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय, जिले एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
वनस्पति शास्त्र विभाग बना ‘गौरव’
इस वर्ष वनस्पति शास्त्र विभाग ने सर्वाधिक सफलता अर्जित की। विभाग के पाँच विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया, जिसमें कु. भीमा ने तीसरी रैंक, कु. उमा ने चौथी, कु. रामेश्वरी एवं कु. तामेश्वरी साहू ने छटवीं तथा कु. मधु ने दसवीं रैंक प्राप्त की।

विभिन्न विभागों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
रसायन शास्त्र विभाग की छात्रा आदिति विजय चावके ने एम.एससी. केमिस्ट्री में छटवी रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि को विभाग की निरंतर शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण माना जा रहा है। अर्थशास्त्र विभाग से योगेश कुमार लाउत्रे ने एम.ए. अर्थशास्त्र में दसवीं रैंक अर्जित कर मेरिट सूची में स्थान बनाया। वहीं हिंदी विभाग की छात्रा चांदनी कंवर ने एम.ए. हिंदी साहित्य में दसवीं वीं रैंक प्राप्त कर विभाग को गौरवान्वित किया।
भौतिकी विभाग का शानदार प्रदर्शन
भौतिकी विभाग ने इस वर्ष विशेष उपलब्धि दर्ज की। विभाग की छात्रा अंकिता जांभुलकर ने एम.एससी. भौतिकी में तीसरी रैंक प्राप्त कर उच्च स्थान हासिल किया, जबकि नेहा देवांगन ने पांचवी रैंक अर्जित की। दोनों छात्राओं की सफलता को विभाग के निरंतर मार्गदर्शन एवं मेहनत का परिणाम बताया जा रहा है। इसकी प्रकार भूगोल विभाग की छात्रा माधुरी ने एम.ए. भूगोल में दसवी रैंक प्राप्त कर मेरिट सूची में स्थान बनाया। उनकी सफलता से विभाग में गर्व का माहौल है।
महाविद्यालय प्रशासन ने दी बधाई
महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष सुनील जैन सहित समस्त सदस्यों एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. श्रीमती ई.वी. रेवती ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। सम्बंधित विभागों के विभागाध्यक्षों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह परिणाम महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित कक्षाओं एवं मार्गदर्शन का सकारात्मक प्रतिफल है।
कॉलेज में खुशी का माहौल
परिणाम घोषित होने के बाद महाविद्यालय में उत्सव जैसा माहौल रहा। शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। गौरतलब हो कि महाविद्यालय में पहली बार एमएससी वनस्पति विज्ञान एवं रसायन शास्त्र का अध्ययन प्रारंभ हुआ है जिसमे प्रथम बैच का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा
महाविद्यालय परिवार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का परिणाम है। विद्यार्थियों की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शासकीय नेहरू पीजी कॉलेज, डोंगरगढ़ क्षेत्र में उच्च शिक्षा का एक सशक्त एवं प्रतिष्ठित केंद्र है।






