पाटन।
शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में राष्ट्र के लिए समर्पित स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया तथा देश प्रेम की भावना को प्रज्वलित करते हुए 23 जनवरी को सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती के द्वारा उनके योगदान की सराहना की गई. इसी के साथ महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सेवा से सीखे कैंपेन की शुरुआत भी हुई . जिसके अंतर्गत रासेयो विद्यार्थियों ने अपने – अपने ग्रामीण क्षेत्र एवं जामगांव आर के सार्वजनिक क्षेत्र को पूरी जिम्मेदारी के साथ सेवा कार्य के लिए चयन करने का निर्णय लिया, जिसमें स्वच्छता कार्य के साथ मतदान जागरूकता यातायात जागरूकता, हॉस्पिटल में स्वच्छता, कुपोषण , रक्तदान के लिए जागरूकता कार्य भी शामिल है . महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ शिखा अग्रवाल ने सेवा से सीखे योजना को एक प्रैक्टिकल माध्यम से कार्य को करने का एक बेहतरीन तरीका बताया . उन्होंने अपने कर्तव्यों को अधिकारों से पहले प्राथमिकता देने का संदेश देकर कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की सलाह दी .

इसी दौरान विद्यार्थियों और महाविद्यालय स्टाफ द्वारा मतदान जागरूकता और माय वोट फॉर माय कंट्री की थीम पर रंगोली और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. महाविद्यालय में राष्ट्रीय बालिका दिवस मे देश के उज्जवल भविष्य के लिए बेटी का भविष्य उज्जवल बनाने का संदेश रंगोली के माध्यम से रासेयो विद्यार्थियों द्वारा दिया गया . इसी दौरान
30 जनवरी को महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर विद्यार्थियों और स्टाफ ने मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी. रा से यो की छात्रा कु. दामिन ने अपने प्रस्तुतीकरण में कहा कि मुश्किलों से प्राप्त आजादी को हमें नहीं भूलना चाहिए , आज बदलते परिवेश में स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना इसलिए भी आवश्यक है ताकि हम अगली पीढ़ी को यह बता सके की कोई भी चीज आसानी से नहीं मिल सकती .महाविद्यालय कीं रासेयो प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी ने विद्यार्थियों को सेवा से सीखे योजना में अपने निवासी क्षेत्र में भी सेवा कार्य करने के लिए प्रेरित किया . महाविद्यालय की भूगोल विभाग की वरिष्ठ प्राध्यापिका श्रीमती नीता कुम्हारे ने इस योजना में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ने का संदेश दिया .
देशभक्ति गीतों के साथ विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ जनवरी के पखवाड़े को राष्ट्र प्रथम को महत्व देते हुए संपन्न किया .
संपूर्ण अवधि में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों एवं ऑफिस स्टाफ का पूर्ण योगदान रहा .






