अंडा। फोटो। पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित प्रथम व्यावसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षा में राजीव लोचन आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय चंदखुरी की छात्रा कु. शारदा साहू ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ से संलग्न दो शासकीय एवं चार निजी क्षेत्र के महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। प्रथम व्यावसायिक पाठ्यक्रम के परीक्षा परिणाम की टॉप टेन की सूची में राजीव लोचन आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय चंदखुरी की प्रथम स्थान प्राप्त छात्रा शारदा साहू ने बताया कि महाविद्यालय में शत् प्रतिशत नियमित शिक्षक होने एवं उच्च स्तर की पढ़ाई होने से एवं शिक्षक तथा प्रबंधन द्वारा सतत् शिक्षण कार्य की निगरानी के परिणाम स्वरूप प्रथम स्थान प्राप्त कर पाई, क्रमशः हेमकुमारी ने तृतीय स्थान, शोएफ अख्तर ने चतुर्थ स्थान, लुम्बिनी जोशी ने षष्टम स्थान, पायल पटेल ने नवम् स्थान तथा लीशा देवांगन ने दशम् स्थान प्राप्त किया। ऑल इंडिया कोटे के तहत प्रवेशित असम राज्य के छात्र शोएफ अख्तर ने बताया कि जब उन्होंने राजीव लोचन आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय में प्रवेश लिया तो उन्हें भाषा संबंधी समस्या हुई लेकिन महाविद्यालय के शिक्षक एवं प्रबंधन द्वारा पूर्ण सहयोग एवं उत्साहवर्धन किया गया जिसके परिणाम स्वरूप उन्होंने विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा में टॉप टेन में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। प्राचार्या ने सभी को बधाई दी तथा कहा कि छः छात्र-छात्राओं ने प्रावीण्य सूची के टॉप टेन में स्थान बना कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया हैं।







