शैलदेवी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को बांधी राखी, मनाया रक्षाबंधन का पावन पर्व


अंडा।  शैलदेवी महाविद्यालय अंडा के विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को बांधी राखी, मनाया रक्षाबंधन का पावन पर्व, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रक्षाबंधन का पर्व अनूठे अंदाज में मनाया।महाविद्यालय के चेयरमैन राजन कुमार दुबे  ने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना की। 

महाविद्यालय के छात्राओं एवं प्राध्यापिकाओं ने वृद्धाश्रम,पुलगांव, दुर्ग का भ्रमण कर,  वहां रह रहे वृद्धजनों के साथ समय बिताया और उन्हें रक्षासूत्र बांधकर उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में छात्राओं ने वृद्धजनों को तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया और उनकी कलाई पर स्नेह की राखी बांधी। बदले में बुजुर्गों ने भी भावुक होकर विद्यार्थियों को ढेर सारा प्यार और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। अपनों से दूर रह रहे बुजुर्गों के चेहरों पर इस आत्मीयता की खुशी साफ झलक रही थी।


इस अवसर ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तब और बढ़ जाती है, जब हमारी खुशियों में वे लोग भी शामिल हों जिन्हें हमारे समय, स्नेह और अपनापन की सबसे अधिक आवश्यकता है। राखी का धागा केवल कलाई पर नहीं बंधता,यह दिलों को जोड़कर रिश्तों में अपनापन भरता है। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापिका श्रीमति योगिता नशीने, श्रीमति हिरा मानिकपुरी, डॉ. नीतू श्रीवास्तव एवं महाविद्यालय की छात्राओं ने सहभागिता प्रदान की ।