पंडरिया।नगर के शा कन्या शाला की छात्राओं को बारिश के मौसम में स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन शैली के लिए जागरूक किया गया। अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं सावधान रहना हर मनुष्य के लिए आवश्यक एवं अनिवार्य है । ऐसा कहा जाता है कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है और स्वस्थ मनुष्य का जीवन सदैव आनंदमय व खुशहाल रहता है।

शाला की सांस्कृतिक एवं इको क्लब प्रभारी व्याख्याता, श्रीमती शैल बिसेन ने छात्राओं को इस मौसम में होने वाले सर्दी, खांसी, मलेरिया, हैजा , डायरिया जैसी बीमारियों के कारण एवं उनसे बचाव के उपाय बताये। उन्होंने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि सबसे पहले स्वयं की स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए । सभी छात्राओं को नियमित नाखुन काटने, साफ व उबला हुआ पेयजल सेवन करने ,खाने से पहले नियमित रूप से हाथ धोने, दुषित , बासे, डिब्बा बंद व खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन न करने, सुखे हुये कपड़े पहने की सलाह दी।

व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ साथ अपने घर को भी स्वच्छ रखें एवं आसपास भी गंदगी न फैलाएं । जिससे मच्छर एवं मक्खियां उत्पन्न न हो । शाला परिसर को भी साफ व स्वच्छ रखते हुए अपनी नैतिक जिम्मेदारीयों का पालन करें । विषैले व हानिकारक कीटों एवं जीवों से सतर्क रहें।और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्यगत समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह जरूर लें। शिक्षिका ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आप सभी शिक्षित है और आपको भी अपने परिवार व समाज के लोगों को भी स्वस्थ जीवनशैली के लिए जागरूक करना चाहिए।

संस्था की प्राचार्य श्रीमती एन .के. एक्का ने भी छात्राओं को रोड सेफ्टी की महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए सुरक्षित व सावधान रहने के लिए कहा ।
इस अवसर पर संस्था के सभी शिक्षक,शिक्षिका एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






