पंडरिया।विकासखंड पंडरिया अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर (नया) में ‘निर्वाचन साक्षरता क्लब’ के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ एवं ‘मतदान का महत्व’ विषयों पर निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम और वीवीपैट मतदान प्रक्रिया एवं मतगणना प्रक्रिया पर आधारित क्विज (प्रश्नोत्तरी) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विजेता प्रतिभागी:
आयोजित प्रतियोगिताओं में निबंध लेखन में कक्षा 10वीं की छात्रा प्रीति साकत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में खिलेश्वर साहू ने प्रथम स्थान हासिल किया।
लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पर जोर–
विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हुए वरिष्ठ व्याख्याता संतोष कुमार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार भावी एवं युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करने तथा चुनावी साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
व्याख्याता ज्योति ध्रुव ने कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना बेहद जरूरी है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रत्येक युवा को अपना नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराना चाहिए तथा बिना किसी प्रलोभन के अपने मताधिकार का नैतिक उपयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख सहारुद्दीन, वरिष्ठ व्याख्याता संतोष कुमार साहू,योगेश कुमार गुरुदिवान, ज्योति ध्रुव, महेंद्र कंठले, शिक्षिका मनीषा मार्को एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।







