धमधा। विकासखंड स्तरीय कला उत्सव का आयोजन आज दिनांक 19 नवम्बर 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चीचा, संकुल केंद्र चीचा में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती संगीता देवांगन, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री केशव प्रसाद पटेल, विद्यालय के प्राचार्य श्री जी.पी. देशलहरे, ग्राम पंचायत चीचा के सरपंच श्री पुकेश कुमार साहू तथा SMDC अध्यक्ष एवं सदस्य श्री प्रभुदयाल वर्मा, श्री राधेश्याम वर्मा व श्री गजेंद्र वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री जितेंद्र साहू, अध्यक्ष तेलघानी विकास बोर्ड उपस्थित रहे।

कला उत्सव में विकासखंड धमधा के विभिन्न शासकीय एवं निजी हाई तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने कला की आठ विभिन्न विधाओं में एकल एवं सामूहिक रूप से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें नृत्य कला, गायन, वादन, चित्रकला, मूर्तिकला एवं रंगोली सहित विभिन्न कलात्मक विधाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां शामिल रहीं।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत एकल गायन, वादन, सामूहिक नृत्य एवं दृश्य कला की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि श्री जितेंद्र साहू ने अपने उद्बोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आयोजित कला उत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक अभिरुचि एवं छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने बालिका शिक्षा के साथ-साथ बालकों की शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में बालिकाओं की सहभागिता बालकों की अपेक्षा अधिक दिखाई देती है, इसलिए बालकों को भी शिक्षा एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में समान उत्साह के साथ आगे आना चाहिए।
मुख्य अतिथि ने दृश्य कला के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा निर्मित चित्रों एवं मूर्तियों का अवलोकन किया तथा बच्चों से उनकी कलाकृतियों के विषय, निर्माण प्रक्रिया एवं अनुभवों के बारे में संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता एवं सृजनात्मकता की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने का एक सशक्त अवसर प्रदान किया। आयोजन में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।






