पाटन। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केसरा में मीडिया एंड एंटरटेनमेंट के विद्यार्थियों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उप निरीक्षक श्री सुभाष चंद्र यादव उपस्थित रहे।

उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग, फेक लिंक तथा ऑनलाइन वित्तीय ठगी से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए। साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका श्री यादव ने सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत संबंधित साइबर हेल्पलाइन एवं पुलिस से संपर्क करने की अपील की।

विद्यालय परिवार ने इस उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के लिए उप निरीक्षक श्री सुभाष चंद्र यादव का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने भी इस जागरूकता सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की।





