अंडा। दुर्ग जिले के ग्राम चंदखुरी गांव के एक सामान्य परिवार में जन्मे सन्नी साहू ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर सीमा सशस्त्र बल (केंद्र शासन) में चयनित होकर जिले व गांव का नाम रोशन किया है। सन्नी साहू, पिता स्वर्गीय संतोष साहू एवं माता गजेश्वरी साहू (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, चंदखुरी) के सुपुत्र हैं।
सीमा सशस्त्र बल में चयन के पश्चात सन्नी का प्रशिक्षण बिहार स्थित प्रशिक्षण केंद्र में लगभग 44 सप्ताह तक चला। कठिन प्रशिक्षण पूर्ण कर जब वे प्रथम अवकाश पर अपने गृह ग्राम पहुंचे, तो पूरे गांव में हर्ष और गर्व का माहौल देखने को मिला।
ग्राम आगमन पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों द्वारा बाजे-गाजे, डीजे और देशभक्ति गीतों के साथ भव्य स्वागत किया गया। लोगों ने नाचते-गाते हुए देवी-देवताओं के मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सन्नी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें सम्मानपूर्वक निवास स्थल तक लाया गया।
इसके पश्चात समाजसेवी भूपेन्द्र साहू, सुशील देवांगन, राधेलाल सोनी एवं शिक्षाविद दुष्यंत चंद्राकर ने सन्नी के निवास पर पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट किया, मुंह मीठा कराकर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर समाजसेवी भूपेन्द्र साहू ने कहा कि सन्नी साहू ने न केवल अपने गांव का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे साहू समाज को भी गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि सन्नी आज आसपास के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं।







