दुर्ग।शासकीय तुलाराम महाविद्यालय, उतई के बी.ए. प्रथम वर्ष के छात्र सूरज यादव ने दल्लीराजहरा में आयोजित अंतर-महाविद्यालयीन वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर महाविद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

सूरज यादव ने प्रतियोगिता के 65 किलोग्राम वजन वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 179 किलोग्राम का भार उठाया। उन्होंने स्नैच राउंड में 82 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क राउंड में 97 किलोग्राम वजन उठाकर अपने वर्ग में प्रथम स्थान सुनिश्चित किया। इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार, उनके समाज और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त किया है।
इस जीत के साथ ही सूरज यादव का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है। वे दिनांक 05 और 06 नवंबर को मेघालय में आयोजित होने वाली वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतिभा को आगे बढ़ाने आर्थिक सहयोग की अपील :
ग्राम आमालोरी के निवासी सूरज यादव एक अत्यंत साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्होंने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति और अभावों से संघर्ष करते हुए इस मुकाम को हासिल किया है। सूरज ने खेल क्षेत्र में अपने हुनर को निखारने और आगे बढ़ने के लिए समाज, खेल प्रेमियों और शासन-प्रशासन से आर्थिक मदद की अपील की है, जिससे वे अपनी खेल यात्रा को जारी रख सकें।






