सेलूद फिश हैचरी का आकस्मिक निरीक्षण, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष ने लिया जायजा, मत्स्य किसानों से भी चर्चा किया


पाटन । विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेलूद स्थित फिश हैचरी का आज मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आनंद निषाद ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मछुआ कल्याण बोर्ड के सदस्य नेतराम निषाद , पूर्व मंडल अध्यक्ष खेमलाल साहू, भाजपा नेता केशव बंछोर, सेलूद समिति अध्यक्ष टामन साहू, भाजयुमो अध्यक्ष कुणाल वर्मा, रमेश कश्यप, अशोक यादव, अशोक गुरुजी, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।इस दौरान अध्यक्ष आनंद निषाद ने फिश हैचरी में मत्स्य किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों से हैचरी की वर्तमान स्थिति और यहां संचालित गतिविधियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फिश हैचरी में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही मत्स्य किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए हैचरी के विस्तार की आवश्यकता को देखते हुए विस्तृत प्रोजेक्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए। अध्यक्ष के इस निरीक्षण से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में सेलूद फिश हैचरी का विस्तार होगा और क्षेत्र के मत्स्य किसानों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।