बाल संसद की विशेष बैठक के साथ सम्पन्न हुआ स्वच्छता पखवाड़ा



पंडरिया. 16 सितम्बर से प्रारंभ हुए स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों की सक्रिय भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विद्यालय परिवार ने मिलकर श्रमदान के माध्यम से विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए शपथ ग्रहण कराया गया।
प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने कहा कि साफ-सफाई जीवन का अनिवार्य हिस्सा है, जिसके माध्यम से हम कई परेशानियों और बीमारियों से बच सकते हैं। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विद्यालय के बाल संसद एवं इको क्लब प्रभारी शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने कहा विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत शपथ ग्रहण, परिसर एवं आसपास की सफाई, हाथ धोने विधि एवं महत्व, स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ जन जागरूकता, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, नारा लेखन, पोस्टर निर्माण, व्यक्तिगत साफ-सफाई, दांत की सफाई, नाखून काटना, बाल संसद की विशेष बैठक आदि को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने है। विद्यालय विकास के लिए बाल संसद की विशेष बैठक में बच्चों ने अपने दायित्वों को समझा और अपने कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
इसके साथ ही वनरक्षक के सहयोग से एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत शाला परिसर में 5 पौधों का रोपण भी किया गया।
इस अवसर पर प्रधान पाठक राजेश पात्रे, शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर, वन रक्षक उमेश्वरी श्याम और पुनाराम धुर्वे, राधेलाल पंद्राम, उपसरपंच रेखा राधुसिंह पंद्राम, एसएमसी अध्यक्ष भुवन मरावी, जुड़वान, हंसीरानी, अंतराम और बच्चों की उपस्थिति सराहनीय रही।
इस प्रकार विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ।