शौचालय की मांग को लेकर स्वामी आत्मानंद स्कूल के बच्चों ने किया चक्काजाम, मंत्री के गृह जिले में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

सेलुद।स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सेलूद में शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था न होने से नाराज स्कूली छात्र-छात्राओं ने मंगलवार सुबह दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग के बजरंग चौक पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

चक्काजाम और मांग: छात्र-छात्राएं स्कूल में तुरंत शौचालय निर्माण कराने और जिम्मेदार अधिकारियों तथा मंत्रियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
अधिकारियों की उदासीनता: विद्यार्थियों का आरोप है कि वे सांसद से लेकर शिक्षा मंत्री तक अपनी इस गंभीर समस्या को कई माध्यमों से पहुंचा चुके हैं, लेकिन कोरे आश्वासनों के अलावा धरातल पर कोई काम नहीं हुआ।


मंत्री का गृह जिला: यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री के गृह जिले का है, जहां बालिकाओं के लिए भी शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा न होना प्रशासन और शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है।


प्रशासन की पहल: स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पाटन तहसीलदार रसतोगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों को जल्द शौचालय बनवाने का आश्वासन दिया और स्कूल परिसर में निर्माण स्थल का मुआयना करने की बात कहकर बच्चों को शांत कराया, जिसके बाद सभी छात्र वापस स्कूल लौटे।


विद्यार्थियों का बयान:कहीं से कोई विकल्प न मिलने पर हम सभी विद्यार्थियों ने अपनी आवाज बड़े अधिकारियों और मंत्रियों तक पहुंचाने के लिए चक्काजाम करने का कड़ा फैसला लिया और सुबह साढ़े नौ बजे सड़क पर बैठ गए।”