रिपोर्टर, चंद्रभान यादव
जशपुर। शासकीय रामभजन राय एनईएस महाविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना व यूथ रेडक्रॉस का अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस के प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष की दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर पूर्व कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण सतपति ने स्वयंसेवकों से राष्ट्रीय सेवा योजना के सभी गतिविधियों में निरंतर भाग लेते रहने को कहा। कार्यक्रम का संचालन कर रहे रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनय तिवारी ने व्यक्तित्व विकास में रासेयो की भूमिका को बताते हुए कैरियर निर्माण में भी यह किस प्रकार सहायक है पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला।
रासेयो महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी प्रिंसी कुजूर ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से रासेयो के संबंध में नव पंजीकृत स्वयंसेवकों को रासेयो के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। यूथ रेडक्रॉस की प्रभारी अंजिता कुजूर ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से रेडक्रॉस सोसाइटी एवं यूथ रेडक्रॉस के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
अभिमुखीकरण कार्यक्रम के सफल संचालन में वरिष्ठ स्वयंसेवक सत्यपाल सिंह, हेमराज सिंह ,रीमा सिंह ,प्रतिक नायक ,सचिन कुजूर, निक्की तिग्गा, सुरेश राम, अर्चना बुनकर, चांदनी बाई, नंदिनी विश्वकर्मा, सपना सिंह, प्रियंका बाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में रासेयो कार्यक्रम अधिकारी कीर्ति किरण क्रिकेटर एवं अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक लाइजिन मिंज उपस्थित थे
एनसीसी की तरह ही एनएसएस भी लाभकारी: प्राचार्य इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय रक्षित ने नए स्वयंसेवकों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ रासेयो गतिविधियों में भी भाग लेने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से न केवल चहुंमुखी व्यक्तित्व विकास होता है, बल्कि शैक्षणिक उपलब्धियां प्राप्त करने में भी सहायक होता है। एनसीसी की भांति राष्ट्रीय सेवा योजना में भी स्वयंसेवक ए,बी और सी प्रमाण पत्र प्राप्त करते हैं। जिसका लाभ उन्हें आगे के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के समय प्राप्त होता है। उन्होंने आगे कहा कि वे स्वामी विवेकानंद के सिद्धांत वाक्य “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक की लक्ष्य की प्राप्ति ना हो जाए” पर चलने को कहा।