कलार (सिन्हा) समाज जिला राजनांदगांव द्वारा प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम 14 जून को

केशव साहू
10वीं-12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का होगा सम्मान

राजनांदगांव।
कलार (सिन्हा) समाज जिला राजनांदगांव द्वारा समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण के उद्देश्य से प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रविवार 14 जून 2026 को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्रा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसंतपुर चौक राजनांदगांव में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में वर्ष 2025 एवं 2026 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर विकल्पों एवं भविष्य की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करना है।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री फागेश कुमार सिन्हा सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। अतिथि विद्यार्थियों को मोटिवेशनल स्पीच, कैरियर मार्गदर्शन एवं सफलता के अनुभव साझा करेंगे।

मीडिया प्रभारी जितेंद्र सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे से पंजीयन एवं देव पूजन के साथ प्रारंभ होगा। इसके बाद 11 बजे अतिथि स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे मोटिवेशनल स्पीच एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के अनुभव साझा किए जाएंगे। वहीं 1 बजे प्रश्नोत्तर एवं अनुभवी व्यक्तियों द्वारा मार्गदर्शन सत्र आयोजित होगा।

दोपहर 2 बजे भोजन अवकाश के पश्चात 2:30 बजे “सक्सेसफुल लोगों की जुबानी, उन्हीं की कहानी” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 3:30 बजे विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम केवल इसी वर्ष 2025-26 में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए है। भविष्य में अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना भी जताई गई है।

समिति द्वारा यह भी निर्देश जारी किए गए हैं कि 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों का पंजीयन अलग-अलग किया जाएगा। विद्यार्थियों को पंजीयन के समय 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त होने का प्रमाण पत्र अथवा मोबाइल स्क्रीनशॉट दिखाना अनिवार्य होगा।

कार्यक्रम को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आयोजन समिति ने एक विद्यार्थी के साथ केवल एक पालक को आने की अनुमति दी है। साथ ही अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए अन्य परिजनों से कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग भी प्रतिबंधित रहेगा।

माता बहादुर कलारीन जन कल्याण समिति के अध्यक्ष पुनाराम सिन्हा एवं सचिव रेशुलाल सिन्हा ने समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।