पंडरिया।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संकुल केंद्र सोनपुरी में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में संकुल सोनपुरी अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के प्रधानपाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा, अभिव्यक्ति क्षमता और विचारों को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रवि साहू रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. जलेश्वर साहू उपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत पाढ़ी के सरपंच अजय लेखराम उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की।
चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और कला-कौशल को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रवि साहू ने सभी प्रतिभागी बच्चों एवं शिक्षकों को पेन सप्रेम भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और मंचीय अभिव्यक्ति का विकास करती हैं। उनका यह सम्मान बच्चों के लिए प्रेरणादायी रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित शासकीय प्राथमिक शाला पौनी के प्रधानपाठक वासुदेव सिंह ने कहा कि बच्चों के उत्साह और सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को सीखने के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन संकुल समन्वयक काशीराम गोयल एवं संकुल प्राचार्य बसंत डोरे के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन में संकुल के सभी प्रधानपाठकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही। काशीराम गोयल संकुल समन्वयक संकुल सोनपुरी ने कहा कि
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ शिक्षा को गतिविधि, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर दिखाई दिया उत्साह और आत्मविश्वास आयोजन की सफलता को स्पष्ट रूप से दर्शाता रहा।







