वोट चोरी कर सत्ता में आई भाजपा, हर वर्ग परेशान: पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू

अंडा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में ग्राम कुथरेल, विनायकपुर एवं रिसामा में चल रही सेक्टर कमेटी की बैठकों में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
श्री साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा वोट चोरी कर सत्ता में आई है। जनता ने इन्हें महंगाई कम करने के लिए चुना था, लेकिन आज महंगाई चरम पर है। बिजली बिल की बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम सरकार की नाकामी को घर-घर तक पहुंचाएं। कार्यकर्ता हर बूथ, हर घर में जाकर लोगों को बताएं कि यह सरकार किस तरह विफल रही है।
पूर्व गृहमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की हर ग्राम पंचायत का सरपंच परेशान है। गांव में विकास कार्य पूरी तरह से शून्य हो चुके हैं। पंचायतों के पास काम नहीं है, पैसा नहीं है।
वर्तमान सरकार की नीतियों से हर वर्ग दुखी है। किसानों को खाद-बीज के लिए भटकना पड़ रहा है, युवा बेरोजगारी से परेशान है, महिलाओं के साथ किए गए वादे पूरे नहीं हुए। महंगाई ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।
पूर्व सभापति टिकेश्वरी लाल देशमुख ने कहा कि आने वाले समय में हमें फिर से कांग्रेस की सरकार बनानी है। इसके लिए अभी से संगठन में मजबूती से काम करना होगा। सेक्टर और बूथ कमेटी को सक्रिय करना होगा। निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को हटाकर मेहनती कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाए।बैठक में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रिवेन्द्र यादव ने बीएलओ और मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने को लेकर जानकारी दी।इस दौरान विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई और आगामी रणनीति तय की गई।इस अवसर पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रिवेन्द्र यादव, पूर्व सभापति टिकेश्वरी देशमुख पूर्व मंडी डारेक्टर तारकेश्वर चन्द्रकार,पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप चन्द्रकार,मंडल अध्यक्ष राकेश हिरवानी, शिवनारायण दिल्लीवार, लोकनाथ साहू, जीतेन्द्र साहू, सरपंच अंडा दिग्विजय सिन्हा,राजीव गाँधी पंचायती राज प्रदेश अध्यक्ष गीता बैकुंठ महानंद, डॉ पिलेश्वर साहू, मुकेश देशमुख, निरंजन राजपूत, घनश्याम गजपाल सहित जिला कांग्रेस कमेंटी,ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी गण, सेक्टर कमेंटी, पंचायत अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष गण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित हुए।






