तरीघाट : सरपंच ने कहा पंचायत द्वारा जनता को हरसंभव  मूलभूत सुविधा मुहैया करा रहे है, आरोप निराधार,

क्रेडा की बंद सोलर लाइटों को सुधारने पंचायत ने दी सूचना

पाटन। ग्राम पंचायत तरीघाट में क्रेडा विभाग द्वारा लगाए गए सोलर लाइटों के बंद होने के मामले में पंचायत ने विभाग को सूचना देकर लाइटों को जल्द सुधारने की मांग की है। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, गांव में खराब पड़ी सोलर लाइटों की जानकारी संबंधित विभाग को दी जा चुकी है।

ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू ने बताया कि गांव में क्रेडा विभाग द्वारा लगाए गए सोलर लाइटों के खराब होने की सूचना सुशासन तिहार के दौरान कौही और जामगांव आर में भी दी गई थी। उन्होंने कहा कि लाइटों की मरम्मत का कार्य क्रेडा विभाग द्वारा किया जाना है। यदि विभाग द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं की जाती है तो पंचायत स्तर पर लाइटों को शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

सरपंच ने कुछ लोगों द्वारा पंचायत के जनप्रतिनिधियों पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पंचायत लगातार ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि गांव में सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई भी पंचायत द्वारा कराई जाती है।

पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि ग्रामीणों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बंद पड़ी लाइटों सहित अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को लगातार सूचना दी जा रही है।