पंडरिया।शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण समारोह’ का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कवर्धा के सभागार में किया गया।जहां ब्लाक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पांडातराई की शिक्षिका आरती ठाकुर को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों के लिए ‘मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण – ज्ञानदीप पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा थे। समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वर साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी एफ. आर. वर्मा,सहायक संचालक महेंद्र गुप्ता, यू.आर. चंद्राकर एवं जिला परियोजना अधिकारी अवधेश नंदन श्रीवास्तव रहे।
समारोह में शिक्षिका आरती ठाकुर को उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा के कर-कमलों से सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र राशि, शाल,श्रीफल एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर अलंकृत किया गया।

शैक्षणिक नवाचार और सर्वांगीण विकास के लिए समर्पण
शिक्षिका आरती ठाकुर अपने विद्यालय और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित रही हैं। उन्होंने राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के विभिन्न राज्य व जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में संदर्भ व्यक्ति (मास्टर ट्रेनर/प्रशिक्षक) राज्य श्रोत व्यक्ति SRG के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई है। नवीन पाठ्य पुस्तक, अभ्यास पुस्तक, संदर्शिका के लेखन कार्य में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

अपनी कक्षाओं में वेग केवल पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक परंपराओं, कला-समेकित शिक्षा और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से अध्ययन-अध्यापन को रुचिकर बनाती हैं। उन्होंने विद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
क्षेत्र में हर्ष की लहर, बधाइयों का ताँता
ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित होने पर विद्यालय परिवार, शिक्षक समुदाय, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने शिक्षिका आरती ठाकुर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उनकी इस उपलब्धि को पांडातराई क्षेत्र एवं कबीरधाम जिले के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया है।






