दुर्गः बुधवार और गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने दुर्ग व पाटन ब्लाक के विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई स्कूलों में शिक्षक ही नहीं, बल्कि संस्था प्रमुख भी समय पर उपस्थित नहीं पाए गए। रानीतराई पूर्व माध्यमिक शाला में निरीक्षण के दौरान बच्चे कक्षाओं से बाहर इधर-उधर घूमते मिले। स्थिति को गंभीर मानते हुए डीईओ ने दुर्ग व पाटन बीईओ सहित कई संस्था प्रमुखों और अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरई में पूरा स्टाफ स्टाफ रूम में बैठा पाया गया। शाला परिसर अव्यवस्थित मिला। इस पर संस्था प्रमुख को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। पूर्व माध्यमिक शाला पुलगांव में मध्यान्ह भोजन के समय बच्चे स्कूल परिसर के बाहर घूमते मिले। भोजन की गुणवत्ता खराब और मेन्यू के अनुरूप नहीं पाई गई। प्रधानपाठक को नोटिस जारी किया गया। चार दिसंबर को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पौहा में शिक्षक दुष्यंत चंद्राकर अनुपस्थित पाए गए। प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला बेल्हारी में शिक्षिकाएं अनिता शर्मा व श्रद्धा शर्मा बिना आवेदन उपस्थित नहीं मिलीं। इसी तरह प्राथमिक शाला में कमलेश कुमार और चालेश कुमार 10:15 बजे तक स्कूल नहीं पहुंचे थे। गेट पर ताला लगा था तथा बच्चे बाहर सड़क पर घूमते मिले। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला असोगा में निरीक्षण के दौरान पता चला कि शिक्षिकाएं अनिता ठाकुर और ब्राह्मणी झा ने आधे दिन की छुट्टी का आवेदन दिया था, लेकिन प्रधानपाठक ने इसकी प्रविष्टि उपस्थिति पंजी में नहीं की। उपस्थिति पंजी से ऐसा भी प्रतीत हुआ कि कई शिक्षक पहले से आवेदन पत्र लिखकर पंजी में दवा दिए है। शासकीय प्राथमिक शाला अकतई में प्रधानपाठक मनोज कुमार पाटिल और हितेश्वर पटेल निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले। शासकीय हाईस्कूल ओदरागहन में व्याख्याता ममता राजपूत और भूपेंद्र देवांगन बिना आवेदन अनुपस्थित पाए गए। प्रायोगिक कार्य भी अधूरा मिला। प्राचार्य व संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी करने निर्देश दिए इसी तरह शासकीय प्राथमिक शाला असोगा (पाटन) में कीर्ति खेर व प्रतिमा रानी नाग का आधे दिन का अवकाश आवेदन विना प्रविष्टि के पाया गया। इस पर संबंधित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए गए तथा बीईओ पाटन को भी नोटिस दिया गया।शासकीय हाईस्कूल निपानी (पाटन) में सभी शिक्षक अध्यापन छोड़कर आफिस में मिले। शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रानीतराई में शिक्षक चेतनलाल साहू अनुपस्थित मिले और प्रायोगिक कार्य अधूरा पाया गया। पूर्व माध्यमिक शाला में 11 बजे बच्चे इधर-उधर घूमते मिले।







