बिरकोना संकुल मे हुआ शिक्षक सम्मान समारोह


पंडरिया:- ब्लाक के संकुल केंद्र बिरकोना में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी संकुल स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार को संकुल प्राचार्य एन. के. एक्का के मुख्य आतिथ्य एवं संकुल समन्वयक हमीद उल्ला खान के अध्यक्षता में सम्प्पन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती,सर्वपल्ली डॉ. राधा कृष्णन की छाया चित्र की पूजन अर्चन व वंदना के साथ हुआ।राज्यपाल सम्मान से सम्मानित विजय चंदेल व शिवकुमार बंजारे न अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक होना अपने आप मे ही गर्व व सम्मान की बात है। सभी शिक्षक पूरी ईमानदारी से कार्य करे तो कोई भी बड़ा से बड़ा सम्मान आपसे अछूता नही रहेगा। संकुल केंद्र बिरकोना के लिये गर्व का पल है हमारे संकुल के प्राथमिक शाला जामुनपानी के शिक्षक भुवनेश्वर साहू को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा दूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
संकुल समन्वयक श्री खान ने सभी शिक्षक साथियों को शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा यह संकुल अपने आप मे श्रेष्ठ है,हमारे शिक्षक साथी बहुत ऊर्जावान,प्रशिक्षित, बच्चों को अनुकूल वातावरण प्रदान करने विभिन्न नवाचार तथा अन्य शैक्षणिक क्रियाकलापों में बहुत अनुभवी हैं। मुख्य आतिथि संकुल प्राचार्य एन.के. एक्का ने कहा कि हम बहुत ही सम्माननीय पद पर है,जिससे हमारी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। एक शिक्षक को अपने हर कार्य व हर क्षेत्र में दक्ष होना चाहिए, मुझे नही आता और मुझसे नही हो सकता वाली बात को अपने शब्दकोश से निकाल देने वाला ही एक सच्चा शिक्षक होता है। आपस मे कार्य व्यवहार सुमधुर हो, नवाचारी हो और हर एक शिक्षक अपने कार्य प्रभाव से ऊँचे से ऊँचे सम्मान को प्राप्त करें।उन्होंने कहा कि अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी व सजगता के साथ करना चाहिये।
इस शिक्षक सम्मान समारोह में संकुल केंद्र अंतर्गत समस्त शिक्षक- शिक्षिकाओं को श्रीफल, कलम एवं सम्मान पत्र उपहार स्वरूप भेंट कर सम्मानित किया गया।